हिमाचल प्रदेश चुनाव: 68 सीटों पर वोटिंग जारी, वीरभद्र सिंह ने किया बहुमत मिलने का दावा


शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 68 सीटों पर मतदान जारी है। आज जनादेश मतपेटियों में बंद हो जाएंगे। सूबे की सत्ता में भाजपा रहेगी या कांग्रेस इसका निर्णय आज जनता के वोटों पर निर्भर करेगा। विधानसभा का यह चुनाव मुख्य रुप से भाजपा और कांग्रेस के बीच है। जहां बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल हैं, तो वहीं कांग्रेस की ओर से वीरभद्र सिंह चुनावी मैदान में डटे हैं।
राज्य में पहली बार चुनाव आयोग मतदान के लिए VVPAT मशीनों का प्रयोग कर रहा है। राज्य में 19 लाख महिलाओं और 14 ट्रांसजेंडर सहित कुल 50.25 लाख मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनावी मैदान में कुल 338 उम्मीदवार हैं।
हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी हैं। एक चरण में होने वाले इस चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। गुरुवार को मतदान के लिए सभी मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी लाइने नजर आईं। युवा से लेकर बुजुर्ग तक अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए लाइन में लगे नजर आए। नतीजों का एलान 18 दिसंबर को होगा।
कांग्रेस की ओर मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने का दावा किया है। उन्होंने कहा, राज्य में अगली सरकार कांग्रेस की होगी।
मिली जानकारी के अनुसार, राज्य में कड़ी सुरक्षा के इंतेजामों के तहत 37,000 से भी ज्याादा चुनाव अधिकारी, 17,770 पुलिसकर्मी, होम-गार्ड्स और अर्द्धसैनिक बलों की 65 कंपनियां तैनात की गई हैं।
इसके अलावा आयोग ने राज्य के 12 जिलों में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 2,300 पोलिंग स्टेशंस से लाइव वेबकास्ट का भी इंतजाम किया है।
